रविवार, 26 अगस्त 2012

जगदीश्वर के एवजी

   पंडित जी से पता चला कि उनके घर में जगदीश्वर अतिथि होने वाले हैं । पत्नी ने कहा - ‘‘ बड़े भाग्य हमारे । लेकिन अतिथि को खिलाएंगे क्या ? ! पहला मौका है कुछ सूझ नहीं पड़ रही है । दूसरों से राय ले लो तो पता चले । ’’
                   पति सोच में पड़ गया कि किससे राय लें ! पत्नी ने फिर हड़काया - ‘‘ जरा बाहर निकलो, जो मिले उससे राय लेना । कोई भी बता देगा । ’’
                  अनमना पति बाहर निकला, बाड़े में गाय बंधी थी । सोचा गायमाता से राय लेना ठीक रहेगा, पूछा - ‘‘ घर में अतिथि आने वाले हैं, उनका सत्कार कैसे करूं ? ’’
                      ‘‘ अच्छी ताजी घास खिलाओ ... हरी हरी । ’’ गाय ने कहा ।
                  पति खुश  हुआ, ..... सामने तोता था पिंजरे में । सोचा एक से भले दो, इससे भी राय ले लें ।
                   तोते ने कहा -  ‘‘ एक अमरूद और दो-तीन हरी मिर्च से उत्तम कुछ नहीं है । ’’
                  पास में ही एक जोड़ा पालतू कबूतर गुटर-गूं कर रहा था, उससे भी पूछा, तो बोला - ‘‘ एक मुट्ठी ज्वार के दाने से अच्छा सत्कार हो सकता है । ’’
                  बाहर की दीवार के पास रहने वाली मादा सुअर अपने बच्चों के साथ पड़ी थी, वह बोली - ‘‘ पीछे गली में छोड़ देना, ........ इससे अच्छा सत्कार संसार में कुछ नहीं है । ’’
                   पति ने लौट कर सबकी राय पत्नी को बताई तो वह भ्रम में पड़ गई । दोनों सलाह कर पंडितजी  के पास गए और  उनकी राय जानी ।
                     वर्षों हो गए, -------  पति-पत्नी प्रतिदिन भोग लगा रहे हैं और जगदीश्वर की एवज में पंडितजी स्वीकार कर रहे हैं ।
                                                                                          -----

शुक्रवार, 24 अगस्त 2012

मदद !

           जन्मदिन पर भियाजी दलबल के साथ मंदिर पहुंचे, पूजन किया और हाथ जोड़ कर जगदीश्वर  से कहा कि - ‘‘ मैं नगर में एक अंधशाला खोलना चाहता हूं । आप मदद कीजिए । ’’
            जगदीश्वर बोले - ‘‘ नगर में कोई अंधा तो है नहीं !! फिर क्यों .... ?! ’’
             ‘‘ इसीलिए तो आपकी मदद चाहिए प्रभु । .... जनमदिन मनाने के लिए एक अंधशाला तो हर बड़े नेता के लिए जरूरी है ।"
                              ---------