शुक्रवार, 17 फ़रवरी 2012

स्वर्ग !!!

लल्लू प्रसाद  ने जगदीश्वर से पूछा -  " तनिक ये तो बताइए जगदीश्वर , स्वर्ग होता कैसा है ? "
" स्वर्ग बहुत सुन्दर होता है . " जगदीश्वर बोले .
" वहाँ क्या क्या होता है ? तनिक खुल कर बताइए . "
" सुन्दर अप्सराएँ होतीं हैं , मधुर संगीत होता है , नृत्य - गान होते हैं , देवता लोग सोमरस का मन चाहा सेवन करते हैं , आमोद प्रमोद होता है , नारद जी सूचनाएं लेते - देते रहते हैं , सब लोग आनंद और मद में डूबे रहते हैं .............. "
" अरे तो यों कहिये न कि ...... स्वर्ग भले आदमियों के रहने कि जगह नहीं है . "
______

गुरुवार, 2 फ़रवरी 2012

भस्मासुर........

                  " सबसे पहले आप मुंह मीठा कीजिये जगदीश्वर , मेरी नौकरी आज पक्की हो गई है ." रमेश ने मिठाई आगे की .
                  " अरे वाह  !! बधाई . प्रसन्न रहो . तुम्हें आशीर्वाद . "     जगदीश्वर ने मुंह मीठा किया .
                  " रात-दिन मेहनत की ..... तब कंहीं आज यह दिन देखने को मिला है . " रमेश ने बताया .
                  " परिश्रम का फल तो मिलता ही है . अब  खूब मन लगा कर काम करना , आगे और सफलताएँ मिलेंगी ."    जगदीश्वर ने हौसला दिया .
                  " सफलता तो मिल गई . नौकरी पक्की . ..... अब काम - वाम करने की जरुरत नहीं है . "      रमेश बोला .
                  " अरे !! शुभ शुभ बोलो रमेश . कहीं सरकार निकम्मा कह कर निकल दे तो !? "
                  " आप चिंता मत करो  जगदीश्वर , हमारे पास यूनियन है , कोर्ट है , कानून है , वकील है . स्थाई कर्मचारी के पास भस्मासुर की ताकत होती है . एक बार तथास्तु कह देने के बाद सरकार  उससे डरती है . "